नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राजपथ पर अपनी ताकत व पराक्रम का प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पुलिस बैंड और इसकी टुकड़ी की प्रशंसा करते हुए इसे शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने चुस्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास के लिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
कई ट्वीट के जरिये बस्सी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस के साथ अन्य सुरक्षाबलों के सहयोग की ओर भी संकेत किया।
बस्सी ने ट्वीट किया, “हमारे साथ साझेदारी करने और गणतंत्र दिवस को सफल बनाने के लिए मैं तमाम सुरक्षाबलों को धन्यवाद देता हूं।”
उन्होंने कहा, “राजपथ पर हमारी ताकत व शौर्य के प्रदर्शन के लिए मैं दिल्ली पुलिस बैंड व परेड टुकड़ी को शुभकामनाएं देता हूं।”
बस्सी ने कहा, “हमारे तकनीकी व नियंत्रण कक्ष की टीम को हमारी तरफ से विशेष शुभकामनाएं, जिन्होंने चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमारी मदद की।”
गणतंत्र दिवस के मौके पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे काम किए। परेड के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद थे।
इस महीने की शुरुआत में पठानकोट में आतंकवादी हमला और देश के विभिन्न भागों से संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा पुख्ता करने को लेकर अतिरिक्त प्रयास किए।
dharmpath.com dharmpath