काबुल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। अफगान सुरक्षा बलों ने बघलान प्रांत में तालिबान के एक ठिकाने के खिलाफ अभियान चलाकर मंगलवार को 10 आतंकियों को मार गिराया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “मंगलवार सुबह शुरू किए गए अभियान के बाद से अब तक लगभग 10 तालिबान विद्रोही मारे गए हैं और कई गांवों को तालिबान के कब्जे से मुक्त करा लिया गया है।”
अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान तीन तालिबान आतंकी और सेना का एक जवान घायल हो गया।
तालिबान ने अब तक इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है।
स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों ने पांच महीने पूर्व कुछ अधिकारियों की स्वीकृति से प्रांतीय राजधानी पुल-ए-खुमरी के बाहरी इलाके में स्थित ‘दंड-ए-घोरी’ जिले में तालिबान के साथ संघर्ष विराम समझौता किया था।
हालांकि दंड-ए-घोरी और नजदीकी इलाकों में अधिकांश नागरिकों ने तालिबान की कठोर नीतियों को लेकर शिकायत करते हुए सरकार से इलाके से सशस्त्र आतंकियों का सफाया करने की मांग की।
अधिकारियों ने कहा कि जब तब इलाके से आतंकियों का सफाया नहीं हो जाता और वहां शांति कायम नहीं हो जाती, अभियान जारी रहेगा।
dharmpath.com dharmpath