उप्र : मंदिर से डेढ़ करोड़ रुपये की मूर्तियां चोरी

अमेठी, 26 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चोरों ने एक मंदिर का ताला तोड़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की राम दरबार की मूर्तियां चोरी कर ली।

मंगलवार की सुबह गांव के लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे तो घटना का पता चला। चोरी गई मूर्तियां 150 साल से भी अधिक पुरानी बताई जा रही हैं।

जिले के सेमरौता गांव में राम जानकी मंदिर है। यहां राम, लक्ष्मण और सीता की अतिप्राचीन मूर्तियां थीं। सोमवार की रात चोर मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां उड़ा ले गए।

मंदिर के व्यवस्थापक गिरीशचंद्र वाजपेयी के मुताबिक, मूर्तियां अष्टधातु की बनी थीं और करीब 150 साल से ज्यादा पुरानी थी। रामदरबार की मूर्तियों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये से भी अधिक होगी, जिन्हें चोर चुरा ले गए।

शिवरतनगंज थाने के थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि मूर्तियां किस धातु की बनी थीं, इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन पूछताछ में पता चला है कि ये करीब 100 से 150 साल पुरानी थीं। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493