वाशिंगटन, 27 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व बैंक ने 2016 के लिए कच्चे तेल के वैश्विक मूल्य का अनुमान घटाकर प्रति बैरल 37 डॉलर कर दिया, जिसके बारे में अक्टूबर में उसने 51 डॉलर रहने का अनुमान दिया था।
बैंक ने मंगलवार को यहां जारी अपने एक बयान में कहा, “विश्व बैंक ने अपनी ताजा रपट कमोडिटी बाजार परिदृश्य में कच्चे तेल मूल्य के लिए 2016 का अनुमान घटाकर 37 डॉलर प्रति बैरल कर दिया है। यह अनुमान अक्टूबर में 51 डॉलर पर रखा गया था।”
बैंक ने साथ ही उभरती अर्थव्यवस्था और विकासशील देशों के लिए 2016 में विकास दर का अनुमान भी घटाकर 4.6 फीसदी से चार फीसदी कर दिया।
बैंक ने अपने अनुमान में इस कटौती के लिए कई कारण बताए, जिसमें ईरान द्वारा उम्मीद से पहले निर्यात शुरू करना, अमेरिका में उत्पादन लागत घटाने और क्षमता बढ़ाने की कवायद और प्रमुख उभरते बाजारों में विकास का कमजोर परिदृश्य शामिल है।
देश में बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, कच्चे तेल के भारतीय बास्केट की कीमत मंगलवार को घटकर प्रति बैरल 26.63 डॉलर दर्ज की गई।
पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के 12 तेलों के बास्केट की कीमत भी मंगलवार को 13 साल के निचले स्तर 25.11 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई, जो सोमवार को 25.58 डॉलर प्रति बैरल थी।
dharmpath.com dharmpath