रोम, 27 जनवरी (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि उनका देश किसी भी देश पर न तो हमला करना चाहता है और न ही किसी देश के आंतरिक मामलों में दखल देना चाहता है। उन्होंने कहा कि संघर्षो से बेहाल मध्यपूर्व में उनका देश एक चट्टान की तरह स्थिर है।
रूहानी ने रोम में एक व्यापारिक सम्मेलन में कहा, “ईरान उस पूरे क्षेत्र में सुरक्षित, सर्वाधिक स्थिर देश है। एक ऐसा देश है जो न तो किसी देश पर आक्रमण, चढ़ाई करना चाहता है और न ही किसी देश के आंतरिक मामलों में दखल देना चाहता है।”
उन्होंने कहा कि ईरान पूरी ताकत से अपना बचाव करेगा, लेकिन ऐसा वह ‘भरोसेमंद नियमों’ के तहत करेगा और कभी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन नहीं करेगा।
रूहानी इटली और फ्रांस की चार दिन की यात्रा पर हैं। उनकी कोशिश ईरान और पश्चिमी जगत के बीच के उस रिश्ते को फिर से मजबूत बनाने की है, जो ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम की वजह से लगे आर्थिक प्रतिबंधों के कारण बुरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। आर्थिक प्रतिबंध हटने के बाद ईरान की कोशिश खुद को मध्य-पूर्व के अशांत क्षेत्र में स्थायित्व के एक मिसाल के रूप में पेश करने की भी है।
रूहानी ने इटली की कंपनियों के साथ करीब 20 अरब डॉलर के करार पर दस्तखत किए हैं। संभावना है कि ऐसे ही कई अरब डॉलर के करार फ्रांस और ईरान के बीच भी होंगे।
dharmpath.com dharmpath