लाहौर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के एक पाकिस्तानी प्रशंसक को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब उसने भारत की आस्ट्रेलिया पर जीत से उत्साहित हो पंजाब प्रांत में स्थित अपने घर की छत पर तिरंगा फहरा दिया।
पुलिस ने इस प्रशंसक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसका नाम उमर दराज है। यह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकारा जिले का निवासी है।
समाचार पत्र-एक्सप्रेस ट्रिब्यून में प्रकाशित खबर के मुताबिक पुलिस अधिकारी मोहम्मद जमील ने कहा, “हमने उमर के घर पर छापा मारा और उसकी छत पर से तिरंगा बरामद किया।”
यह पूछे जाने पर कि उसने आखिरकार तिरंगा क्यों फहराया, दराज ने कहा, “मैं कोहली का प्रशंसक हूं। मैं कोहली के कारण ही भारतीय टीम का समर्थन करता हूं। मैं भारतीय क्रिकेटर के प्रति अपने प्यार को प्रकट करना चाहता था।”
जामिल ने कहा कि पुलिस ने दराज के खिलाफ मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक आर्डर के तहत मामला दर्ज किया है। दराज को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे पुलिस रिमांड में भेज दिया गया।
दराज ने अपने किए के लिए माफी भी मांगी है। उसने कहा कि उसे नहीं पता था कि पाकिस्तान में तिरंगा लहराना अपराध है। दराज ने यह भी कहा कि वह सिर्फ एक क्रिकेट प्रशंसक है न कि किसी तरह का जासूस, लिहाजा उसे छोड़ दिया जाए।
पुलिस को दराज के घर की दीवारों पर कोहली की तस्वीरें चिपकी हुई मिलीं।
घटना पर पाकिस्तान से सोशल मीडिया में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखनों को मिलीं और अनेक लोगों ने मामूली सी बात पर कुछ ज्यादा ही कार्यवाही करने के लिए पुलिस की आलोचना भी की।
कुछ लोगों ने दराज की भी आलोचना की, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उसे चेतावनी देकर छोड़ देना चाहिए।
वहीं भारत की बात करें तो वहां पाकिस्तान का झंडा फहराना कानूनन अपराध नहीं है। लेकिन कई मौकों पर पुलिस शांति भंग होने की आशंका के चलते पाकिस्तानी झंडा फहराने वाले लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath