चुनावी वर्ष में रची जाएंगी साजिशें, सावधान रहें : अखिलेश (लीड-1)

जालौन (बुंदेलखंड), 27 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए बुधवार को कहा कि यह चुनावी साल साजिशों का वर्ष है, इसलिए सपाइयों को सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष साजिश रचने में माहिर है।

जालौन के छौंक गांव में मुख्यमंत्री अखिलेश, कैबिनेट मंत्री शिवपाल व राजेंद्र चौधरी के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक देने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए जुट जाने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि चुनावी साल के दौरान सपाइयों को विपक्ष की साजिशों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि आने वाले बजट में प्रदेश के किसानों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बुंदेलखंड के लिए केंद्र से एक पैसा नहीं मिला, बावजूद इसके राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से बुंदेलखंड का विकास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबसे नीति आयोग बना है, उसी समय से यूपी को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग और योजना आयोग के चक्कर में यूपी को केंद्रीय सहायता में काफी कमी आई है।

अखिलेश ने कांग्रेस पर भी हमला करते हुए कहा कि वह जब सत्ता में थी, तब उसने यूपी की कोई मदद नहीं की।

इससे पूर्व उन्होंने अखिलेश यादव अपने बुंदेलखंड दौरे के पहले चरण में बुधवार को जालौन पहुंचे। जालौन में अखिलेश यादव ने बड़ी योजनाओं का लोकार्पण किया। अखिलेश ने सोलर प्लांट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को सबसे ज्यादा बिजली समाजवादी सरकार ने ही मुहैया कराई है।

उन्होंने कहा, “समाजवादी सरकार आगे भी बुंदेलखंड का तेजी से विकास करेगी। हम गरीब किसानों को ज्यादा से ज्यादा बिजली उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा बिजली उपलब्ध कराने के लिए सपा सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं।”

अखिलेश ने आगे कहा, “हम शहरों में 22 से 24 घंटे तक बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यहां कालपी राजमार्ग संख्या-91 फोर लेन का लोकार्पण किया।” मुख्यमंत्री ने 108 अन्य योजनाओं का लोकार्पण और 36 योजनाओं का शिलान्यास किया।

बुंदेलखंड यात्रा पर पहुंचे अखिलेश ने यहां कुछ बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने जालौन बस हादसे में मरने वालों के परिवारीजनों को 2 लाख रुपये और हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।

सोमवार को हमीरपुर से झांसी जा रही रोडवेज बस काल्पी के पास पलट गई थी। इस बस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और आधा दर्जन यात्री घायल भी हो गए थे। इन्हीं के लिए उन्होंने ये घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493