कोलकाता, 27 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में 15-49 वर्ष आयुवर्ग की 60 फीसदी से अधिक महिलाओं में खून की कमी है। यह बात नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (एनएफएचएस-4) के ताजा आंकड़े कहते हैं।
एनएफएचएस-4 (2015-16) के खुलासे के मुताबिक, 15-49 वर्ष आयुवर्ग की कुल 62.5 फीसदी महिलाओं में खून की कमी है। एनएफएचएस (2006) के तृतीय संस्करण के 63.2 फीसदी के मुकाबले इसमें मामूली कमी आई है।
सर्वेक्षण के मुताबिक, 15-49 वर्ष आयुवर्ग की 53.6 फीसदी गर्भवती महिलाओं में खून की कमी पाई गई, जबकि इसी उम्रवर्ग की 62.8 फीसदी गैर गर्भवती महिलाओं में खून की कमी देखी गई।
इसके अलावा, सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है कि राज्य में पांच साल से कम आयु के आधे से अधिक बच्चों में अभी भी खून की कमी है।
एनएफएचएस के हालिया निष्कर्षो के मुताबिक, अधिकांश राज्यों में बच्चों में खून की कमी के मामलों में कमी आई है, लेकिन अभी भी यह चिंताजनक रूप में बड़े पैमाने पर है।
सीआरवाई ने कहा, “पश्चिम बंगाल में पांच वर्ष से कम अयु के बच्चों में खून की के मामलों में सात फीसदी की कमी आई है। बीते एक दशक में साल 2005-2006 में यह 61 फीसदी थी, जबकि साल 2015-16 में यह 54.2 फीसदी थी। दो में से एक बच्चा अभी भी खून की कमी से पीड़ित है।”
dharmpath.com dharmpath