आइजोल व अगरतला के बुनियादी ढांचे के लिए कर्ज करार

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने गुरुवार को 8 करोड़ डालर के कर्ज करार पर दस्तखत किए। इस धनराशि का इस्तेमाल त्रिपुरा की राजधानी अगरतला और मिजोरम की राजधानी आइजोल के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए किया जाएगा।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा है, “यह कर्ज पूर्वोत्तर क्षेत्रीय राजधानी शहर विकास निवेश कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली 20 करोड़ डालर की वित्तीय सुविधा की तीसरी कड़ी का हिस्सा है। इसका इस्तेमाल अगरतला और आइजोल में जलापूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता पर किया जाएगा। शहरी सुधार पर भी इसे खर्च किया जाएगा। दोनों शहरों की करीब 10 लाख की आबादी को इससे लाभ होगा।”

इससे पहले इस योजना के तहत मेघालय की राजधानी शिलांग, नागालैंड की राजधानी कोहिमा और सिक्किम की राजधानी गंगटोक को राशि मुहैया कराई गई थी।

करार पर गुरुवार को वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के संयुक्त सचिव राज कुमार और एडीबी की कंट्री डायरेक्टर टेरेसा खो ने दस्तखत किए।

इसके साथ ही त्रिपुरा और मिजोरम की सरकारों और केंद्र सरकार के बीच कई उप-परियोजनाओं के करार पर भी दस्तखत किए गए।

बयान में कहा गया है कि कर्ज राशि से आइजोल और अगरतला में स्थाई और बेहतर शहरी सेवाओं में अधिक निवेश किया जा सकेगा।

एडीबी के कर्जो की इस तीसरी श्रृंखला से संबंद्ध परियोजनाओं और इस पूरे कार्यक्रम पर अमल की जिम्मेदारी शहरी विकास मंत्रालय की है। इन्हें 2019 तक पूरा किया जाना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493