आस्ट्रेलियन ओपन : फेडरर को हरा जोकोविक 6ठी बार फाइनल में

मेलबर्न, 28 जनवरी (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त सर्बिया के टेनिस स्टार नोवाक जोकोविक ने गुरुवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर को हराकर करियर में छठी बार आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

जोकोविक अब फाइनल में करियर का 11वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने उतरेंगे।

फाइनल में उन्हें दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त शीर्ष ब्रिटिश खिलाड़ी एंडी मरे और कनाडा के मिलॉस राओनिक के बीच विजेता से भिड़ना होगा।

जोकोविक पिछले पांच वर्षो में चार बार मेलबर्न पार्क में विजेता रहे हैं और उनके नाम यहां कुल पांच खिताब हैं। चार बार के चैम्पियन फेडरर के साथ बीते छह वर्षो में जोकोविक की यह पांचवीं सेमीफाइनल भिड़ंत थी।

मैच के बाद जोकोविक ने कहा, “मैंने शुरुआती दो सेट में शानदार प्रदर्शन किया। फेडरर के खिलाफ यह जरूरी भी था, क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में फेडरर का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और सेमीफाइनल से पहले उन्होंने सिर्फ एक सेट गंवाया था। मुझे पता था कि वह आक्रामक रहेंगे।”

जोकोविक ने कहा, “मैं बिल्कुल सही रणनीति के साथ कोर्ट पर उतरा और अपनी रणनीतियों को मैंने ठीक तरह से लागू भी किया। शुरुआती दो सेट जीतने के बाद मुझे अच्छी बढ़त मिल चुकी थी, लेकिन उसके बाद मुझे संघर्ष करना पड़ा। अंतत: महत्व यही रखता है कि आपने अपने प्रतिद्वंद्वी से बेहतर किया।”

जोकोविक ने चार सेटों तक खिंचे मुकाबले में फेडरर को 6-1, 6-2, 3-6, 6-3 से हराया। पहले दोनों सेट मात्र 54 मिनट में जीतने के बाद जोकोविक को तीसरे सेट में 45 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा और चौथे सेट में उनका संघर्ष 40 मिनट तक चला।

गौरतलब है कि फाइनल में पहुंचने के बाद जोकोविक मेलबर्न पार्क में एक भी मैच नहीं हारे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493