चेन्नई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र के बैंक आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ साल-दर-साल आधार पर अधिक रहा।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में दाखिल की गई एक नियामकीय सूचना में बैंक ने कहा कि उसने आलोच्य अवधि में 3,018.13 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो गत वर्ष की समान तिमाही में 2,889.04 करोड़ रुपये था।
बयान के मुताबिक, बैंक का शुद्ध लाभ और अधिक रहता, लेकिन अधिक प्रोविजनिंग करने के कारण यह अपेक्षाकृत कम रहा। आलोच्य अवधि में बैंक ने 2,844.05 करोड़ रुपये की प्रोविजनिंग की, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में बैंक ने 979.69 करोड़ रुपये की प्रोविजनिंग की थी।
बैंक की कुल आय इस दौरान 17,562.95 करोड़ रुपये थी, जो एक साल पहले समान तिमाही में 15,526.88 करोड़ रुपये थी।
31 दिसंबर 2015 को बैंक की कुल और शुद्ध गैर निष्पादित परिसंपत्तियां क्रमश: 21,149.19 करोड़ रुपये और 9,907.83 करोड़ रुपये थी, जो 31 दिसंबर 2014 को क्रमश: 13,082.62 करोड़ रुपये और 4,773.10 करोड़ रुपये थी।
dharmpath.com dharmpath