एचआईएल : मुंबई को हरा शीर्ष पर पहुंची दिल्ली

मुंबई, 30 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली वेवराइडर्स ने शनिवार को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण के लीग मुकाबले में दबंग मुंबई को उनके घरेलू महिंद्रा हॉकी स्टेडियम में 4-3 से हरा दिया।

इस जीत के साथ दिल्ली अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।

दिल्ली के लिए भारत के ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ रुपिंदर पाल सिंह ने आठवें और 39वें मिनट में दो गोल किए, जबकि युवा फॉरवर्ड खिलाड़ी तलविंदर सिंह ने 56वें मिनट में फील्ड गोल कर दिल्ली को जीत दिलाई।

मुंबई के लिए वहीं प्लोरियन फुक्स ने 12वें मिनट में एक फील्ड गोल किया, जबकि हरमनप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर एक गोल किया।

मुंबई की लीग में यह लगातार तीसरी हार है। अब तक खेले सभी मैच वे हार चुके हैं। वहीं दिल्ली 16 अंक लेकर रांची रेज के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई।

मेजबानों ने मैच की शुरुआत तो आक्रामक की, लेकिन रुपिंदर ने आठवें मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर उन्हें दबाव में ला दिया।

मुंबई ने भी हालांकि तेज पलटवार करते हुए फुक्स की बदौलत एक फील्ड गोल हासिल कर लिया और 2-1 से बढ़त ले ली।

दूसरे क्वार्टर में दिल्ली ने मुंबई पर कई हमले किए, लेकिन मुंबई की रक्षापंक्ति को भेद नहीं पाए।

मध्यांतर के बाद मुंबई ने एकबार फिर आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन दिल्ली ने बेहद शातिर अंदाज में 39वें मिनट में दूसरा गोल कर दिया। रुपिंदर ने पेनाल्टी पर यह गोल कर अपनी टीम को 2-2 से बराबरी दिला दी।

मुंबई ने फिर से बढ़त की कोशिशें शुरू कर दीं और 54वें मिनट में उनकी यह कोशिश रंग लाई। हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी स्पॉट से गोल कर मेजबानों को एकबार फिर से 3-2 से आगे कर दिया।

लेकिन मुंबई ज्यादा देर यह बढ़त कायम नहीं रख पाई और दो मिनट बाद ही तलविंदर ने फील्ड गोल कर दिल्ली को विजय दिला दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493