गुड़गांव, 31 जनवरी (आईएएनएस)। देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी किरण बेदी के पति ब्रिज बेदी का यहां रविवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।
ब्रिज बेदी को 28 जनवरी को गुर्दे और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में दाखिल किया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, रविवार सुबह लगभग 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
पेशे से छायाकार और सामाजिक कार्यकर्ता ब्रिज बेदी अमृतसर में गरीब बच्चों के लिए एक स्कूल चलाते थे।
किरण बेदी ने पति के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप कई ट्वीट किए।
उन्होंने लिखा, “अमृतसर शहर ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है जो अपने शहर से बेहद प्यार करता था। जिसने अपनी पूरी जिंदगी जरूरतमंदों की सेवा में लगा दी। हम उनकी यह विचारधारा आगे जारी रखेंगे।”
बेदी ने आगे लिखा, “वह पंजाब में नशाखोरी की समस्या को लेकर बेहद चिंतित थे और उन्होंने नशे में डूबे कई पिताओं के बच्चों को शिक्षा दी। उन्होंने कई मुद्दों पर आवाज उठाई।”
एक समय सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की टीम की सदस्य रहीं किरण बेदी 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार थीं।
dharmpath.com dharmpath