बिहार : युवक ने प्रेमिका की हत्या की, ग्रामीणों ने युवक की

सीतामढ़ी, 1 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका की शादी अन्यत्र होने की सूचना मिलने के बाद प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पीट-पीटकर मार डाला।

पुलिस के अनुसार, बगहा गांव की निवासी 10वीं कक्षा की छात्रा खुशबू कुमारी सोमवार को गांव में ही स्थित एक कोचिंग संस्थान जा रही थी, तभी गांव के ही दिनेश राम ने उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

इस दौरान खुशबू की चीख सुनकर ग्रामीण जमा हो गए और दिनेश कुमार को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

कन्हौली के थाना प्रभारी विकास कुमार राय ने बताया कि घायल अवस्था में दिनेश को सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना के मुताबिक, दिनेश और खुशबू के बीच प्रेम संबंध था। इस बीच खुशबू की शादी अन्यत्र होने वाली थी, जिससे दिनेश नाराज था।

उन्होंने बताया कि इन दोनों मामले में हत्या की अलग-अलग प्राथमिकी कन्हौली थाने में दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493