हैदराबाद, 2 फरवरी (आईएएनएस)। मजलिस इत्तेहादुल-ए-मुस्लिमीन (एमआईएम) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री महमूद अली के घर पर हमला किया।
अली का घर शहर के पुराने हिस्से, आजमपुरा में है। हमला ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में मतदान खत्म होने से कुछ समय पहले हुआ।
घटना के समय अली अपने घर में मौजूद थे। एमआईएम कार्यकर्ताओं ने अली के बेटे आजम अली के साथ कथित रूप से मारपीट की कोशिश की। पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया।
पुलिस ने हमले के सिलसिले में एमआईएम के विधायक अहमद बलाला को गिरफ्तार किया है। सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) का आरोप है कि बलाला के समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री के घर पर हमला किया।
एमआईएम और टीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद यह घटना हुई। इलाके में हिंसा रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
घटना के बाद राज्य के गृहमंत्री एन.नरसिम्हा रेड्डी तुरंत महमूद अली के घर पहुंचे।
dharmpath.com dharmpath