यू 19 विश्व कप : पंत का शतक, भारत ने बनाए 349 रन

फातुल्लाह (बांग्लादेश), 6 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की मेजबानी में चल रहे अंडर-19 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में भारत ने नामीबिया के खिलाफ सलामी बल्लेबाज ऋषभ पंत (111), सरफराज खान (76) और अरमान जाफर (64) की शानदार पारियों की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 349 रन बनाए।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।

भारतीय टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा। टीम के कप्तान इशान किशन (6) सस्ते में पवेलियन लौट गए।

इसके बाद पंत ने अनमोल प्रीत सिंह (41) के साथ 103 रनों का साझेदारी की। इस साझेदारी को निको डेविन ने तोड़ा। उन्होंने अनमोल को आउट कर पवेलियन भेजा।

इसके बाद आए सरफराज ने पंत के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने सधी हुई शुरुआत की। इसी बीच पंत ने अपना शतक पूरा किया। वह कुल 184 के स्कोर पर प्रांकोइस रोटेनबाक का शिकार हुए। उन्होंने अपनी पारी में 96 गेंदों का सामना किया और 14 चौके और दो छक्के लगाए।

सरफराज भी 281 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे। उन्होंने अपनी पारी में 76 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का लगाया।

निचले क्रम में जाफर और महिपाल लोमरुर (41) ने तेजी से रन बटोरे और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

नामीबिया की तरफ से सबसे ज्यादा तीन विकेट प्रिट्ज कोएटजी ने लिए। उनके अलावा एस.जे लोफ्टी ईटोन, डेविन और रोटेनबाक ने एक-एक विकेट लिया।

नामीबिया को जीत के लिए 350 रनों की जरुरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493