दरभंगा, 6 फरवरी (आईएएनएस)। आम तौर पर लड़कों द्वारा लड़कियों पर तेजाब फेंकने की खबरें आती हैं, लेकिन बिहार के दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र में कॉलेज की दो छात्राओं ने कथित तौर पर एक 15 वर्षीय लड़की को पहले बुरी तरह पीटा और उसके बाद उसके शरीर पर तेजाब डाल दिया। घटना के कारणों का हालांकि अब तक पता नहीं चल पाया है।
जाले के थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना के बाद इस्लामपुर टोला के एक बंद पडे ईंट भट्ठा परिसर से बेहोशी की हालत में पीड़िता को बरामद किया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि काजी अहमद इंटर कॉलेज की दो छात्राएं उसे किसी बहाने से ईंट भट्ठा के पास ले गईं और उसकी पहले पिटाई की गई और उसके बाद उसके शरीर पर तेजाब डाल दिया गया।
सिंह ने बताया कि पीड़िता को गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर जाले थाने में तेजाब से हमला करने की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें दो छात्राओं को नामजद आरोपी बनाया गया है।
चिकित्सकों के मुताबिक, पीड़िता का 50 प्रतिशत शरीर जल गया है तथा शरीर पर गंभीर जख्म हो गए हैं।
घटना के बाद से दोनों आरोपी छात्राएं फरार बताई जा रही हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath