सद्भावना फैलाने में नौसेना की भूमिका अद्वितीय : राष्ट्रपति

विशाखापत्तनम, 6 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू के बाद कहा कि विश्व में सद्भावना को फैलाने, शांति के प्रसार और समुद्री सीमाओं में शांति बनाए रखने में पूरी दुनिया की नौसेनाओं की अद्वितीय भूमिका है।

भारतीय नौसेना की गश्ती पोत आईएनएस सुमित्रा के बोर्ड पर बनाए गए मंच से राष्ट्रपति ने कहा कि पूरी दुनिया की नौसेनाओं को मौजूदा समुद्री क्षेत्र में पनपी नई-नई चुनौतियों से निपटने पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

राष्ट्रपति मुखर्जी ने कहा, “मौजूदा दौर की राजनीति एवं अर्थव्यवस्था के वैश्विक स्वरूप को देखते हुए हमारा मानना है कि पूरी दुनिया की नौसेनाओं को समुद्री क्षेत्र में कहीं भी पनप रही नवीन चुनौतियों से निपटने पर अपना ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति और हिंद महासागर में अहम व्यापारिक मार्ग स्थायी पारस्परिक सह-अस्तित्व और शांति-समृद्धि के प्रसार में भारत को निर्णायक सामुद्रिक भूमिका प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा, “इसे देखते हुए भारतीय नौसेना ने वैश्वीकरण के बढ़ते दौर में बदलावों को प्रतिबिंबित करने के उद्देश्य से अपनी सामुद्रिक रणनीति को नए सिरे से तैयार किया है, समुद्री क्षेत्र में स्थिरता बढ़ाने के लिए समन्वयकारी कदम उठाकर अपनी विश्वसनीयता को स्थापित किया है और हिंद महासागर में व्यापारिक मार्गो की सुरक्षा सुनिश्चित करने में केंद्रीय भूमिका निभाई है।”

बेड़ा समीक्षा एक रस्म और नौसेना के युद्धपोतों का एक भव्य निरीक्षण है, यह निरीक्षण या समीक्षा भारतीय सशस्त्रबलों के प्रमुख यानी देश के राष्ट्रपति करते हैं।

अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू में भारतीय नौसेना के 71 पोतों सहित लगभग 50 देशों की नौसेनाएं और 24 विदेशी जहाज हिस्सा ले रहे हैं। भारत दूसरी बार फ्लीट रिव्यू की मेजबानी कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493