मैनचेस्टर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के कोच लुईस वान गाल ने यह मानने से इनकार किया है कि उनका क्लब चेल्सी के पूर्व कोच जोस मोरिन्हो से करार के लिए उनके संपर्क में है।
गाल ने साथ ही मीडिया में आ रही इस तरह की अटकलों को ‘बकवास’ करार दिया है।
मैनचेस्टर युनाइटेड प्रबंधन कथित तौर पर पिछले कुछ सप्ताह से मोरिन्हो पर नजर बनाए हुए है और मीडिया में आई खबरों के अनुसार, युनाइटेड के कुछ अधिकारियों ने मोरिन्हो के साथ बैठक भी की है।
समाचार चैनल बीबीसी ने वान गाल के हवाले से कहा, “मीडिया में मुझे लेकर भी इसी तरह की बकवास होती रहती है। इसीलिए मुझे इस पर बिल्कुल विश्वास नहीं है कि मोरिन्हो और युनाइटेड के बीच कोई बातचीत चल रही है।”
युनाइटेड के 64 वर्षीय कोच वान गाल ने कहा कि इस तरह की कहानियों से उनका परिवार जरूर प्रभावित हुआ है, लेकिन उन्होंने अपनी क्षमताओं पर कभी भी शक नहीं किया।
dharmpath.com dharmpath