नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। इंटरनेट रेडीनेस पर सोमवार को जारी एक ताजा सचकांक में महाराष्ट्र सबसे आगे है। उसके ठीक पीछे रहे राज्यों में शामिल हैं कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना और तमिलनाडु।
इंडेक्स ऑफ इंटरनेट रेडीनेस ऑफ इंडियन स्टेट्स रपट का प्रकाशन इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) और इंडिकस एनालिटिक्स ने मिलकर किया है।
यह समग्र सूचकांक दूसरे छोटे-छोटे सूचकांकों पर आधारित है, जिसमें शामिल हैं ई-अवसंरचना सूचकांक, ई-सहभागिता सूचकांक, आईटी-सेवा सूचकांक और ई-शासन सूचकांक।
इंटरनेट रेडीनेस के मामले में छोटे राज्यों में सबसे आगे दिल्ली और उसके पीछे पुडुचेरी तथा गोवा रहे।
केंद्रशासित प्रदेशों में सबसे आगे चण्डीगढ़ रहा।
रपट में कहा गया है, “ई-सेवा और ई-वाणिज्य में तेजी से हो रहे विकास के कारण यह समझना जरूरी है कि विभिन्न राज्य इसमें कितना आगे और कितना पीछे हैं।”
यह सूचकांक जहां कारोबारियों को कारोबार के लिए उपयुक्त राज्य का चुनाव करने में मदद कर सकता है, वहीं राज्यों को भी नीतिगत सुधार करने के लिए प्रेरित कर सकता है।
dharmpath.com dharmpath