विशाखापत्तनम, 8 फरवरी (आईएएनएस)। कापू नेता मुद्रागडा पद्मनाभम और उनकी पत्नी पद्मावती ने आंध्र प्रदेश सरकार से सफल बातचीत के बाद अपना आमरण अनशन सोमवार को खत्म कर दिया।
विशाखापत्तनम, 8 फरवरी (आईएएनएस)। कापू नेता मुद्रागडा पद्मनाभम और उनकी पत्नी पद्मावती ने आंध्र प्रदेश सरकार से सफल बातचीत के बाद अपना आमरण अनशन सोमवार को खत्म कर दिया।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) सरकार ने दंपति को आश्वस्त किया कि वह कापू समुदाय के साथ न्याय करने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके बाद इन्होंने अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी।
पद्मनाभम और पद्मावती पूर्वी गोदावरी के किरलामपुड़ी स्थित अपने आवास पर शुक्रवार से आमरण अनशन पर थे।
राज्य के श्रममंत्री अचन नायडू और तेदेपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कला वेंकट राव ने पद्मनाभम से मसले के हल के लिए कुछ नए प्रस्तावों के साथ सोमवार को मुलाकात की। कुछ अन्य नेताओं ने भी उनसे बात की। इस बातचीत के बाद गतिरोध टूटा और अनशन खत्म हुआ।
अचन नायडू ने संवाददाताओं को बताया कि सरकार कापू समुदाय की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार कापू समुदाय को पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल कर उन्हें आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि समुदाय के गरीब और आर्थिक रूप से पिछड़े तबकों की मदद के लिए कापू आयोग बनाया गया है।
नायडू ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कापू समुदाय को आरक्षण देने की वजह से किसी भी पिछड़ी जाति के साथ कोई अन्याय न हो।
पद्मनाभन ने कहा कि उन्होंने समुदाय को इंसाफ दिलाने के लिए भूख हड़ताल की थी। उन्होंने आशा जताई कि सरकार उनसे किए गए वादों पर अमल करेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार कापू आयोग के लिए तुरंत 500 करोड़ रुपये जारी करने पर सहमत हो गई है। उन्होंने कहा कि साथ ही सरकार अगले वित्तीय वर्ष से हर साल आयोग को एक हजार करोड़ रुपये देने पर सहमत हो गई है।
पद्मनाभन ने 31 जनवरी को टुनी में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार लोगों को रिहा करने की मांग की। अचन नायडू ने कहा कि निर्दोषों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री के. चिरंजीवी और कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रघुवीरा रेड्डी को राजमुंद्री हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। ये लोग पद्मनाभम से मिलने किरलामपुड़ी जा रहे थे। गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिस ने एक अन्य पूर्व मंत्री दासारि नारायण राव को राजमुंद्री में रोक लिया था। वह भी कापू नेता से मिलने किरलामपुड़ी जाने वाले थे।
dharmpath.com dharmpath