भुवनेश्वर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन रांची रेज ने सोमवार को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण के 21वें मैच में कलिंगा लांसर्स को 3-2 से हरा दिया।
इस जीत के साथ ही रांची ने सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए।
कलिंगा स्टेडियम में हुए इस मैच में आमिर खान ने 49वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए अपनी टीम को विजयी स्कोर दिया।
लांसर्स ने पहले क्वार्टर के नौवें मिनट में धरमवीर सिंह के फील्ड गोल की बदौलत 2-0 की शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी।
गौरतलब है कि एचआईएल को मौजूदा संस्करण में फील्ड गोल को दो गोल माना जा रहा है।
रांची के लिए हालांकि एक मिनट बाद ही एश्ले जैक्सन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया और स्कोर 1-2 से कम कर लिया।
मध्यांतर तक घरेलू टीम अपनी बढ़त कायम रखने में सफल रही, लेकिन तीसरे क्वार्टर में आमिर के बैकहैंड शॉट के जरिए किए गए गोल ने मेहमान टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी।
रांची अंत तक अपनी बढ़त कायम रखने में सफल रहा। रांच के अब सात मैचों से 27 अंक हो गए और वह चार अंकों के अंतर से शीर्ष पर मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।
कलिंगा यह मैच हारने के बावजूद दूसरे पायदान पर जमा हुआ है। उसके आठ मैचों से 23 अंक हैं।
सात मैचों में अब तक पांच जीत हासिल कर चुके रांची को अब पूल चरण में तीन मैच और खेलने हैं तथा उसका सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
dharmpath.com dharmpath