नेपाल : पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोइराला नहीं रहे (लीड-1)

काठमांडू, 9 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस(एनसी) के अध्यक्ष सुशील कोइराला का सोमवार देर रात निधन हो गया। उन्हें निमोनिया हुआ था। वह 80 वर्ष के थे।

पूर्व प्रधानमंत्री ने राजधानी काठमांडू के महाराजगंज इलाके में स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने मीडिया को बताया कि उनका निधन श्वसन प्रणाली फेल होने की वजह से हुआ।

कोइराला 11 फरवरी, 2014 से 10 अक्टूबर, 2015 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में याद किया जाएगा, जिनके नेतृत्व में सितंबर 2015 में नेपाल ने संविधान सभा के जरिए नए संविधान को लागू किया।

कोइराला ने पूर्व में जीभ व फेंफड़े के कैंसर का डटकर सफलतापूर्वक सामना किया था।

उनका आकस्मिक निधन नेपाली कांग्रेस के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। मार्च में नेपाली कांग्रेस की 13वीं महासभा का चुनाव होना है।

कोइराला के निधन की खबर जंगल की आग की तरह फैली, जिसके बाद नेपाली कांग्रेस के सैंकड़ों नेता और पूर्व प्रधानमंत्री के समर्थक महाराजगंज स्थित उनके आवास पर शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। एनसी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि ‘मैं उनके निधन से सकते में हूं।’

पूर्व प्रधानमंत्री कोइराला को उनकी ईमानदारी व सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाना जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493