लखनऊ, 9 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 2015 में ओलावृष्टि के कारण फसलों को पहुंचे नुकसान से पीड़ित किसानों की सहायता के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) से 4,741 करोड़ रुपये की राशि तत्काल जारी करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मोदी का ध्यान आकृष्ट करने के लिए उन्हें एक पत्र लिखा है।
यादव ने मोदी को पत्र के जरिए कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजु ने 21, अक्टूबर, 2015 को उन्हें एक पत्र के माध्यम से सूचना दी थी कि एनडीआरएफ ने 2,801 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की है और इससे अधिक राशि देना संभव नहीं है।
यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने ज्ञापन में पुनर्निर्माण और मध्यम तैयारी जैसे मदों के लिए केंद्र की ओर से धन जारी किए जाने की अपेक्षा की थी जो कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दिशा-निर्देशों के दायरे से बाहर हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि 2015 में हुई ओलावृष्टि के हवाले से केंद्र सरकार को 7,543 करोड़ रुपये का ज्ञापन सौंपा गया था और इससे कम राशि स्वीकार नहीं की जाएगी।
यादव ने पत्र में इस बात का भी जिक्र किया कि ओलावृष्टि के बाद कम बारिश के कारण 50 से भी अधिक जिले सूखे की चपेट में हैं। इसलिए शेष राशि को तत्काल जारी किया जाना बेहद जरूरी है।
dharmpath.com dharmpath