सुशील कोइराला की अंत्येष्टि में जाएंगी सुषमा स्वराज (लीड-1)

नई दिल्ली/काठमांडू, 9 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पड़ोसी देश नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोइराला की अंत्येष्टि में शामिल होगा और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट करेगा। सुशील कोइराला का मंगलवार सुबह निधन हो गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “इस शोक की घड़ी में हम नेपाल के साथ हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोईराला के अंतिम संस्कार में शामिल होगा।”

अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि सुषमा यहां शाम पांच (स्थानीय समयानुसार) बजे पहुंचेंगी और देर शाम वापस नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

विदेश मामलों के लिए प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के सलाहकार गोपाल खनाल ने बताया कि इस दौरान वह ओली से भी मुलाकात करेंगी।

इस अल्पकालिक यात्रा के दौरान सुषमा के साथ भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समहासचिव सीताराम येचुरी भी होंगे।

नेपाल की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री का राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि करने का फैसला लिया है।

पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोइराला (80) ने सोमवार देर रात यहां अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी अंत्येष्टि पशुपतिनाथ मंदिर के निकट बागमती नदी के किनारे किया जाएगा।

सरकार ने उनके निधन पर शोक स्वरूप बुधवार को सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा भी की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493