दक्षिण एशियाई खेल : भारतीय महिला फुटबाल टीम ने श्रीलंका को 5-0 से हराया

शिलांग, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय महिला फुटबाल टीम ने यहां चल रहे 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के पांचवें दिन मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए मुकाबले में श्रीलंका को 5-0 से मात दे दी।

टूर्नामेंट में भारतीय महिलाओं की यह पहली जीत है।

इससे पहले शुक्रवार को हुए मैच में भारतीय टीम को मालदीव के खिलाफ ड्रॉ खेलना पड़ा था।

भारतीय टीम मैच के 23वें मिनट में गोल का एक सुनहरा मौका गंवा बैठी। समिष्ठा मलिक के कॉर्नर शॉट पर एस. एस. पाथिराना का हेडर गोलपोस्ट से बाहर चला गया।

लेकिन भारतीय स्ट्राइकर डांगमेई ग्रेस ने मध्यांतर से ठीक पहले अतिरिक्त समय में पहला गोल किया। इसके बाद ग्रेस ने मैच के 58वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

इससे पहले श्रीलंका के पास भी मैच के नौवें मिनट में अपना पहला गोल हासिल करने का बेहतरीन मौका था। श्रीलंका की हसारा दिलरांगे गेंद लेकर भारतीय गोलपोस्ट के बिल्कुल नजदीक पहुंच चुकी थीं और भारतीय गोलकीपर अदिती चौहान गोलपोस्ट छोड़कर काफी आगे भी निकल चुकी थीं, लेकिन दिलरांगे का शॉट गोल में तब्दील नहीं हो सका।

मध्यांतर के बाद भी भारतीय टीम ने मैदान पर दबदबा बनाए रखा। इस बीच भारतीय मिडफील्डर वाई. कमला देवी का शॉट गोलपोस्ट से टकराकर बाहर चला गया।

कमला देवी हालांकि इसके बाद ग्रेस के दूसरे गोल से उत्साहित और ग्रेस की मदद से ही भारत का चौथा गोल दागने में सफल रहीं।

मैच के 74वें मिनट में कमला देवी को बाधित करने के कारण श्रीलंका की आई. एम. वाइथानागे को येलो कार्ड दिखाया गया और भारत ने मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर सष्मिता मलिक की बदौलत अपना पांचवां गोल हासिल कर लिया।

मैच के बाद भारतीय टीम के कोच साजिद यूसुफ धर ने कहा, “हमारे लिए यह निर्णायक मुकाबला था और हमारे पास इसे जीतने के अलावा कोई चारा नहीं था। लड़कियों ने शानदार खेल दिखाया जो हमारी जीत में अहम रहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493