बिहार: 9 मूर्ति तस्कर पकड़े, कई कीमती मूर्तियां बरामद

भागलपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिला पुलिस ने एक अंतर्राष्ट्रीय मूर्ति तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से नाथनगर के एक मंदिर से चुराई गई अष्टधातु की तीन मूल्यवान मूर्तियों सहित कई मूर्तियां बरामद हुई हैं। तस्करों में दो महिला भी शामिल हैं।

भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बुधवार को बताया कि नाथनगर थानाक्षेत्र के प्राचीन मंदिर से पिछले साल एक नवंबर को अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी हुई थीं। इनकी बरामदगी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने दो महिलाओं सहित नौ मूर्ति तस्करों को गिरफ्तार किया। इन तस्करों के पास से नेपाल और भूटान की मुद्रा व कई हथियार सहित नाथनगर थानाक्षेत्र के एक मंदिर से चोरी गई अष्टधातु की तीन मूर्तियां सहित कई मूर्तियां बरामद हुई हैं। इनमें से कई मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बरामद मूर्तियों की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है।

कुमार ने बताया कि नेपाल और भूटान की मुद्रा मिलने से यह तय है कि इस गिरोह के तार पड़ोसी देश से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493