दक्षिण एशियाई खेल : सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय यू-23 फुटबाल टीम

गुवाहाटी, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-23 फुटबाल टीम ने यहां चल रहे 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के छठे दिन बुधवार को मालदीव को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारत की ओर से उदांत सिंह ने दो और प्रीतम कोटल ने एक गोल किया।

भारतीय टीम को हालांकि मालदीव से जबरदस्त चुनौती मिली। मलदीव दो बार मैच में बराबरी करने में सफल रहा, लेकिन अंतत: कोटल ने भारत को जीत दिला दी।

भारत ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और चौथे मिनट में ही उदांत सिंह ने पहला गोल दाग दिया।

उदांत सिंह का तेज-तर्रार खेल आगे भी जारी रहा और तीन मिनट बाद ही उन्होंने मालदीव के गोलपोस्ट पर दूसरा जबरदस्त हमला कर दिया। मालदीव की रक्षापंक्ति को भेद कर आगे निकलते हुए उदांत ने जोरदार शॉट लगाया, लेकिन उनका यह शॉट चूक गया।

मालदीव ने इसका फायदा उठाते हुए नौवें मिनट में मुरुथला अदनान की बदौलत मैच में 1-1 से बराबरी कर ली।

हालांकि भारत ने जल्द ही फिर से बढ़त हासिल कर ली। दो मिनट बाद ही मैच के 11वें मिनट में कोटल ने बेहतरीन हेडर के जरिए गेंद को गोलपोस्ट की राह दिखा दी और भारत 2-1 से फिर से आगे हो गया।

भारतीय टीम ने मैदान पर इस दौरान अपना दबदबा बनाए रखा और अधिक से अधिक समय तक गेंद अपने कब्जे में रखने में सफल रहा।

मैच के 31वें मिनट में उदांत मालदीव की बाईं रक्षापंक्ति में खामी का फायदा उठाते हुए तेजी से आगे बढ़े, हालांकि वह शॉट लगाने से पहले फिसल गए।

भारत के लिए अगला गोल दुर्भाग्यशाली रहा, क्योंकि यह गोल अपने ही खिलाड़ी कोटल ने भूलवश किया। मैच के 42वें मिनट में मालदीव के हमले को टालने के लिए लगाया गया कोटल का शॉट अपने ही गोलपोस्ट में जा घुसा और मालदीव फिर से 2-2 से बराबरी करने में सफल रहा।

भारत के लिए हालांकि उदांत ने 59वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर दिया और भारत को 3-2 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493