मुंबई, 11 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा सहित पूरी टीम आगामी फिल्म ‘सरबजीत’ की शूटिंग के लिए अमृतसर के लिए रवाना हुई।
फिल्म भारतीय किसान सरबजीत सिंह पर आधारित है, जिसे पाकिस्तान में आतंकवाद और जासूसी का दोषी ठहराया गया था, वहीं अप्रैल 2013 में लाहौर में एक जेल में कैदियों द्वारा किए गए हमले में उनकी जान चली गई।
ऋचा गुरुवार से सरबजीत की बायोपिक के अंतिम शेड्यूल की शूटिंग शुरू कर देंगी।
अभिनेत्री के करीबी सूत्र ने बताया, “अभिनेत्री पूरी टीम के साथ अमृतसर में ‘सरबजीत’ की शूटिंग शुरू करेंगी। ऋचा पिछले दिनों ‘कैबरे’ की शूटिंग में व्यस्त थीं और अब वह फिल्म ‘सरबजीत’ के अगले शेड्यूल के लिए उत्साहित हैं। ऋचा इस सप्ताह सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत कौर से भी मुलाकात कर सकती हैं।”
इस बायोपिक में ‘फुकरे’ की अभिनेत्री सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत के रूप में नजर आएंगी।
वहीं अभिनेत्री ने ट्विटर पर लिखा, “सरबजीत के लिए अपने जन्मस्थान अमृतसर की यात्रा।”
फिल्म में रणदीप सरबजीत की भूमिका में हैं, जबकि यह कहानी सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर के नजरिए से पेश की गई है, जिसकी भूमिका ऐश्वर्या राय बच्चन निभा रही हैं।
फिल्म ‘सरबजीत’ अपने रिलीज होने के निर्धारित समय से पहले ही, 19 मई को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath