गाजियाबाद, 12 फरवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन से अपहृत हुई ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट ‘स्नैपडील’ की कार्यकारी अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रही। वह अब घर पर अपने परिजनों के बीच हैं।
स्नपडील की कार्यकारी दीप्ति सरणा(23) का बुधवार रात अपहरण कर लिया गया था। वह उस वक्त मेट्रो स्टेशन से घर आ रही थीं।
दीप्ति ने शुक्रवार सुबह अपने पिता नरेंद्र सरणा को एक अज्ञात नंबर से फोन किया। उन्होंने बताया कि वह करनाल (हरियाणा) में अपहरणकर्ताओं की कैद से भाग आई है और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी है।
पुलिस अधीक्षक (शहर) सलमान ताज पाटिल ने कहा, “परिवार से मिली सूचना के बाद हम भी रेलवे स्टेशन पहुंचे और उसे (दीप्ति) उसके घर पहुंचाया। एसएसपी भी युवती से मिले और उससे पूछताछ की। हम उससे दोबारा मिलेंगे।”
पुलिस को दीप्ति के अपहरण के 30 घंटों बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा था। स्थानीय लोगों ने अपहरण के विरोध में सड़कें भी अवरुद्ध की थी और हापुड़ रोड पर एसएसपी के ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए थे।
dharmpath.com dharmpath