नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के चार संदिग्ध सदस्यों की हिरासत अवधि शुक्रवार को पांच दिनों के लिए बढ़ा दी।
बंद कमरे में हुई सुनवाई के दौरान, जिला न्यायाधीश अमर नाथ ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को चारों से पांच दिन और पूछताछ की मंजूरी दे दी, जबकि सात अन्य आरोपियों को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एनआईए की हिरासत में भेजे गए आरोपियों में नजमल हुदा, मुदब्बीर मुश्ताक शेख, मोहम्मद नफीस खान तथा मुहम्मद अब्दुल अहद शामिल हैं।
वहीं अदालत ने आसिफ अली उर्फ अरमान सानी, सईद मुजाहिद, सुहेल अहमद, मोहम्मद अलीम, मोहम्मद ओबेदुल्ला खान, मोहम्मद शरीफ मौनुद्दीन खान तथा मोहम्मद हुसैन खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एनआईए ने इन पर साजिश रचने व अपने अन्य सहयोगियों तथा आईएस के आकाओं के साथ मिलकर भारतीय युवाओं को आतंकवादी संगठन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। साथ ही उनके सहयोगियों की पहचान व भूमिका की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने अदालत से कहा कि उसने आरोपियों के पास से उनके खिलाफ भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक रिकार्ड बरामद किया है और प्रत्येक आरोपी से पूछताछ कर उनके बयान की दोबारा जांच जरूरी है।
एजेंसी ने कहा कि आरोपी भारतीय युवाओं को आईएस में शामिल होने के लिए उत्साहित कर रहे थे।
अदालत ने गिरफ्तार तीन और संदिग्ध अबु अनस, मोहम्मद अफजल तथा इमरान खान पठान को पांच फरवरी को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजा था।
एनआईए ने सभी 14 संदिग्धों को संबंधित राज्यों की पुलिस के सहयोग से छह शहरों में 12 जगहों पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
dharmpath.com dharmpath