नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली और एनसीआर की लगभग 5000 महिलाएं 21 फरवरी को गुड़गांव में होने जा रही पांच किलोमीटर की ‘वूमेन ऑन वाक’ स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।
वुमेन ऑन वाक के संस्थापक अध्यक्ष रविन्द्र पंवार और समाज सेविका दीपा अंतिल ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा के पानीपत से गत वर्ष 22 जनवरी को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के जिस अभियान की शुरुआत की थी, वुमेन ऑन वाक उसी का एक हिस्सा है।
पंवार ने बताया कि ‘वूमेन ऑन वाक’ का उद्देश्य देश में छिपी प्रतिभावान महिला खिलाड़ियों को सामने लाना है, ताकि वे देश का नाम रौशन कर सकें।
संस्था का कहना है कि महिला खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन सामाजिक जटिलता और कई बार आर्थिक कारणों से वे खेल को बीच में ही छोड़कर घर की चारदीवारी में कैद हो जाती हैं। ‘वूमेन ऑन वाक’ का लक्ष्य इस तरह की महिला खिलाड़ियों को खेल से जोड़ने का है और उनकी प्रतिभा निखारने का है।
पंवार ने कहा कि आने वाले वक्त में इस अभियान से देश-प्रदेश की कई नामचीन खिलाड़ी जुड़ेंगी और इस मुहिम को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में अपना योगदान करेंगी।
पंवार ने इस अभियान को पूरे देश में चलाने की बात कही और महिला सशक्तीकरण के लिए इस मुहिम को कारगर और अहम बताया है। उन्होंने कहा, “देश में जिस तरीके से बदलाव हो रहा है, कहीं न कहीं इस बदलाव में महिलाओं का भी अहम योगदान है तो इस परिदृश्य में हम उनकी भागीदारी को कम नहीं आक सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath