रांची, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अपने बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलतभारतीय क्रिकेट टीम ने झारखंड क्रिकेट संघ मैदान पर शुक्रवार को जारी दूसरे टी-20 मैच में श्रीलंका के सामने 197 रनों का लक्ष्य रखा है।
भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 196 रन बनाए। भारत की ओर से शिखर धवन ने 51, रोहित शर्मा ने 43, अजिंक्य रहाणे ने 25 रन, सुरेश रैना ने 30 और हार्दिक पंड्या ने 27 रन बनाए।
धवन ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। श्रीलंका की ओर से थिसिरा परेरा ने हैट्रिक के साथ तीन विकेट लिए जबकि दुष्मंथ चामीरा ने दो विकेट लिए। सचित्र सेनानायके को एक विकेट मिला।
श्रीलंका को जीत के लिए 13.1 के औसत से रन बनाने हैं।
भारत की शुरुआत शानदार रही। रोहित और धवन ने पहले विकेट के लिए 7 ओवरों में 75 रन जोड़े। धवन 25 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाने के बाद जब आउट हुए, तब थोड़े समय के लिए भारत का रन रेट कम होता दिखा लेकिन अंतिम पांच ओवरों में 65 रन बनाते हुए इसकी भरपाई कर दी।
रोहित का विकेट 122 के कुल योग पर गिरा। रोहित ने 36 गेदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। रोहित के आउट होने के बाद 127 के कुल योग पर रहाणे भी चलते बने। रहाणे ने 21 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
इसके बाद पंड्या और रैना ने तेजी से 50 रन जोड़े। पंड्या, रैना और युवराज सिंह (0) 186 के कुल योग पर आउट हुए। इस तरह इन तीनों ने थिसिरा को टी-20 क्रिकेट इतिहास की चौथी हैट्रिक पूरी करने का मौका दिया।
रैना ने 19 गेंदों पर पांच चौके लगाए जबकि पंड्या ने 12 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के जड़े। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी नौ तथा रवींद्र जडेजा एक रन पर नाबाद लौटे।
तीन मैचों की सीरीज में मेहमान टीम 1-0 से आगे है। उसने पुणे में खेला गया पहला मैच अपने नाम किया था।
dharmpath.com dharmpath