लखनऊ, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार से 6 दिन पहले लापता एक सैन्य अधिकारी शनिवार को उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
25 वर्षीय शिखरदीप धवन अपने गृह राज्य बिहार में लंबी छुट्टियां मनाकर कटिहार से जम्मू लौट रहे थे। 6 फरवरी की रात वह ट्रेन से अचानक लापता हो गए।
पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि शिखरदीप ने शनिवार को फैजाबाद पुलिस स्टेशन आकर खुद अपना परिचय दिया।
पुलिस के अनुसार, वह महानंदा एक्सप्रेस में सवार थे और पानी की बोतल लेने के लिए पटना स्टेशन पर उतरे। बोतल लेकर जब वह अपने एसी कोच में वापस आए तो उनके मुंह से झाग निकलने लगा और उसके बाद वह बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने खुद को एक अंधेरे कमरे में कुर्सी से बंधा पाया।
पुलिस ने अधिकारी के हवाले से बताया कि उन्हें एक अंधेरे कमरे में रखा गया था। वहां एक शख्स हर रोज आता था और उन्हें हलवा खिलाता था। वह उनसे बहुत कम बात करता था।
उन्होंने बताया कि वह खिड़की तोड़कर उस जगह से भागने में कामयाब हुए। रेल की पटरियां दिखने के बाद वह कुछ दूरी तक पैदल चले। उसके बाद वहां खड़ी कामाख्या एक्सप्रेस में चढ़कर फैजाबाद पहुंचे।
पुलिस ने पूरी जानकारी दर्ज करने के बाद अधिकारी को सेना के हवाले कर दिया।
शिखरदीप के परिवार ने 9 फरवरी को उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके पिता को आशंका थी कि कहीं उनके बेटे का किसी आतंकवादी संगठन ने अपहरण कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath