पटना 13 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में हरलाखी विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। मतदान के दौरान कहीं से बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, हरलाखी विधानसभा उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। इस उपचुनाव में कुल संख्या 2,58,371 मतदाताओं में से 55़5 प्रतिशत मतदाताओं ने 242 मतदान केन्द्रों पर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस उपचुनाव के लिए कुल नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में भयमुक्त, निष्पक्ष व स्वच्छ मतदान संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए थे। मतों की गिनती 16 फरवरी को होगी।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के दिवंगत विधायक बसंत कुशवाहा के पुत्र सुधांशु शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि महागठबंधन ने कांग्रेस के मोहम्मद शब्बीर को चुनाव मैदान में उतारा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के विधायक बसंत कुशवाहा का निधन हो जाने के कारण यह सीट खाली हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath