मैहर उपचुनाव में भाजपा की जीत (लीड-3)

भोपाल, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नारायण त्रिपाठी ने साढ़े 27 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की है।

चुनाव आयोग द्वारा सतना में स्थापित नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, “मतगणना पूरी हो चुकी है। भाजपा प्रत्याशी त्रिपाठी को 82,703 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मनीश पटेल को 55,159 वोट हासिल हुए हैं। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 27,544 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कराई है।” परिणाम की आधिकारिक घोषणा होनी हालांकि अभी बाकी है।

मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। प्रथम चक्र से ही भाजपा उम्मीदवार त्रिपाठी बढ़त बनाने लगे थे। हर चक्र में उनकी बढ़त का अंतर बढ़ता गया। मतगणना के 11 चक्र पूरे होने तक यह बढ़त 13,000 से ज्यादा वोटों की हो गई। मतगणना के सभी 21 चक्रों में भाजपा प्रत्याशी की बढ़त कायम रही।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिला मुख्यालय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई। मतगणना के लिए 14 टेबल बनाए गए थे और कुल 21 चक्रों में मतों की गिनती पूरी हो गई। यहां 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

मैहर उपचुनाव के लिए मतदान 13 फरवरी को हुआ था। कुल 1,63,499 मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया था। मतदान का प्रतिशत 71.77 रहा।

गौरतलब है कि 2013 में राज्य विधानसभा चुनाव में नारायण त्रिपाठी कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर मैहर से विधायक चुने गए थे। उन्होंने भाजपा के बमबम महाराज को पराजित किया था। बाद में वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इसके चलते यहां उपचुनाव कराया गया।

भाजपा ने कांग्रेस से आए त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में बसपा उम्मीदवार रहे मनीश पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493