नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विपक्ष से कहा कि उनकी सरकार संसद के बजट सत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष से सलाह-मशविरे को तैयार है।
संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने प्रधानमंत्री द्वारा आहूत की गई सर्वदलीय बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि सभी पार्टियों को एक सुर में बोलना चाहिए, तभी 23 फरवरी से शुरू होनेवाले बजट सत्र में संसद सुचारु रूप से चल पाएगी।
नायडू ने कहा, “प्रधानमंत्री ने इस बैठक में कहा कि वह विपक्ष के साथ सहयोग को तैयार हैं और हर मुद्दे पर सलाह-मशविरा करेंगे।”
नायडू ने बताया कि इस बैठक में विपक्षी पार्टियों के प्रतिनिधियों ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) और हैदराबाद (एचयू) विश्वविद्यालय के मामले उठाए।
मोदी ने बैठक में आश्वस्त किया कि वह किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। इसलिए वह विपक्ष की आपत्तियों पर समुचित कदम उठाएंगे।
मोदी ने कहा कि इन मुद्दों पर बहस होनी चाहिए और सरकार जबाव के लिए तैयार है।
नायडू ने बताया कि कुछ दलों ने कहा कि जेएनयू छात्र नेता के खिलाफ राष्ट्रदोह का मुकदमा कैसे चलाया जा सकता है।
केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली भी इस बैठक में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि जेएनयू परिसर में बेहद आपत्तिजनक नारेबाजी की गई। इस मामले की जांच चल रही है और उसे पूरी होने दें।
जेएनयू में छात्र नेता कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के कारण लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब जेएनयू के कुछ छात्रों ने 9 फरवरी को एक बैठक कर संसद हमले के अपराधी अफजल गुरु और जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के सहसंस्थापक मकबूल भट को श्रद्धांजलि दी और कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाए।
dharmpath.com dharmpath