उत्तरी सीरिया में बमबारी जारी, अमेरिका-रूस ने एक-दूसरे पर मढ़े आरोप

सीरिया में अस्पतालों व स्कूलों पर हमलों की संयुक्त राष्ट्र ने सोमवार को कड़ी आलोचना की थी, जिसमें 50 लोग मारे गए थे। अमेरिका व रूस ने इन हमलों का आरोप एक-दूसरे पर लगाया।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून के उपप्रवक्ता फरहान हक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अलेप्पो व इदलिब में दो स्कूलों व पांच अस्पतालों पर हमले की खबर पर महासचिव ने गहरी चिंता जताई है। इन हमलों में बच्चों सहित 50 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।”

उन्होंने कहा, “इस तरह के हमले अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का गंभीर उल्लंघन है। देश में पहले से ही लचर हो चुकी चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाया जा रहा है और सीरिया के लोगों तक शिक्षा की पहुंच रोकी जा रही है।”

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अंतर्राष्ट्रीय सीरिया समर्थक समूह की 11 फरवरी की बैठक के दौरान की गई प्रतिबद्धताओं को धूमिल करती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493