मेक्सिको, 17 फरवरी (आईएएनएस)। नशीली दवाओं का सबसे बड़ा तस्कर जोआकिन एल चैपो गुजमान मध्य मेक्सिको की अल्टीप्लानो जेल में हर दो घंटे में जांच के कारण सो नहीं पा रहा और वह जोम्बी जैसा बनता जा रहा है।
गुजमान के एक वकील ने मंगलवार को यह बात कही।
मेक्सिकी रेडियो सेवा ‘रेडियो फार्मूला’ के मुताबिक, गुजमान के वकील जुआन पेब्लो बदिलियो ने बताया कि सुरक्षाकर्मी गुजमान को हर दो घंटे में नींद से उठा देते हैं, जिसके कारण उसकी स्थिति असहनीय हो चुकी है और उसे लग रहा है कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।
बदिलियो ने गुजमान से सोमवार को मुलाकात की थी।
बदिलियो के मुताबिक, गुजमान ने कहा, “वे हर दो घंटे में मुझे जांच के लिए उठा देते हैं। वे मुझे जोम्बी बनाते जा रहे हैं। मैं केवल सोना चाहता हूं।”
बदिलियो के मुताबिक, अधिकारियों को तत्काल ही गुजमान को दी जा रही यह प्रताड़ना बंद कर देनी चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि बचाव पक्ष के वकील तब तक अपनी कोशिश जारी रखेंगे, जब तक कि वार्डन सल्वडोर अल्मोंटे सोलिस को दंड नहीं दिया जाता।
बदिलियो के मुताबिक, गुजमान चाहता है कि उसकी सुनवाई मेक्सिकी कानून के तहत हो।
गुजमान को सप्ताह में एक बार आधा घंटे के लिए अपने एक वकील से मुलाकात की इजाजत है, जो कि उसके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। अपने संवैधानिक अधिकार के मुताबिक, वह अपने बचाव के लिए जितने चाहे उतने वकीलों की सेवा ले सकता है।
गुजमान के एक अन्य वकील जोस लुईस गोंजालेज मेजा ने 24 जनवरी को एक बयान में कहा था कि उसे नजरबंद रखा गया है और वह नींद की कमी से जूझ रहा है।
गुजमान को आठ जनवरी को सिनलोआ राज्य के लोस मोचिस से गिरफ्तार किया गया था।
dharmpath.com dharmpath