नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के व्यापार सुविधा समझौते (टीएफए) को मंजूरी दे दी। यह समझौता दिसंबर 2013 में हुआ था।
दूरसंचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने यहां मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “मंत्रिमंडल ने डब्ल्यूटीओ के तहत व्यापार सुविधा समझौते की प्रतिबद्धता अधिसूचित करने के प्रस्ताव को आज (बुधवार को) मंजूरी दे दी।”
प्रसाद ने कहा कि व्यापार की सुविधा पर एक समिति का गठन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “व्यापारिक सुविधा पर राष्ट्रीय समिति का गठन होगा, जिसमें राजस्व और वाणिज्य सचिव सह-अध्यक्ष होंगे।”
इस समझौते को डब्ल्यूटीओ के 160 सदस्य देशों ने सहमति दे दी है। इसके तहत सीमा शुल्क की प्रक्रिया में सुसंगति लाने का प्रस्ताव है, जिससे वैश्विक सतर पर 1,000 अरब डॉलर सालाना बचत होने का अनुमान है।
संगठन के 161 में से दो-तिहाई सदस्यों से मंजूरी मिलने के बाद यह समझौता लागू हो जाएगा।
डब्ल्यूटीओ ने सोमवार को जारी एक रपट में कहा है कि टीएफए पूरी तरह से लागू होने से वैश्विक वस्तु व्यापार में सालाना 1,000 अरब डॉलर की वृद्धि हो सकती है।
dharmpath.com dharmpath