बिहार में कन्हैया की रिहाई की मांग को लेकर रेल परिचालन बाधित

पटना, 19 फरवरी (आईएएनएस) जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की रिहाई की मांग को लेकर बिहार में ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) सहित करीब 10 छात्र संगठनों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल परिचालन बाधित किया।

कन्हैया बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं, जिसे पुलिस ने देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया है।

रेल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र संगठनों ने कन्हैया की रिहाई की मांग को लेकर दरभंगा, मधुबनी और खगड़िया रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और रेलमार्ग जाम किया।

दरभंगा स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रोककर उसके इंजन पर चढ़ गए और केन्द्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। छात्रों ने करीब 20 मिनट तक ट्रेन को दरभंगा स्टेशन पर रोके रखा।

छात्र संगठनों ने मधुबनी स्टेशन पर जयनगर-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन को आधे घंटे तक रोके रखा। वहीं रेल पुलिस और जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद छात्रों को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। खगड़िया रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के छात्र संगठन ने रेल रोकी और प्रदर्शन किया। पटना में भी छात्र रेलवे पटरी पर उतरे और रेल परिचालन बाधित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493