मेड्रिड, 19 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के पूर्व कोच राफेल बेनित्ज ने क्लब के प्रमुख फ्लोरेंटीना पेरेज के निर्देशों की आलोचना की है।
बेनित्ज को जनवरी की शुरुआत में बर्खास्त कर दिया गया था। वह छह महीने ही इस प्रतिष्ठित क्लब का कोच रह सके थे।
बेनित्ज ने कहा है कि पेरेज जिस तरह से क्लब को संचालित कर रहे हैं, वह इससे काफी हैरान हैं।
बेनित्ज के मुताबिक, उनके सहायक रह चुके फेबियो पेकिहा का कहना है कि रियल का स्टाफ हमेशा दबाव में रहता है। कारण यह है कि पेरेज हमेशा टीम के मामलों में दखल देते हैं और खिलाड़ियों तथा कोचों पर नजर रखते हैं।
बेनित्ज ने कहा कि पेरेज ने कामाचो, डेल बॉस्कस, पेलेग्रीनी, मोरिन्हो, एंसेलोट्टी जैसे दिग्गज कोचों को बर्खास्त किया है और ऐसे में पेरेज के साथ उनके लिए काम करना असम्भव है।
dharmpath.com dharmpath