सियोल, 19 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के जांचकर्ताओं ने शुक्रवार को जर्मनी की वाहन निर्माता कंपनी फोक्सवैगन के सियोल कार्यालय और कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के घर पर प्रदूषण उत्सर्जन संबंधी मामले में छापा मारा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सियोल सेंट्रल प्रोसीक्यूटर्स कार्यालय ने दक्षिण सियोल में ऑडी-फोक्सवैगन कोरिया के कार्यालय में छापा मारा। ऑडी-फोक्सवैगन कोरिया जर्मन कंपनी फोक्सवैगन और उसकी सहायक कंपनी ऑडी की दक्षिण कोरियाई सहायक इकाई है। सियोल कार्यालय के अज्ञात अधिकारी के घर पर भी छापा मारा गया।
जांचकर्ताओं ने कंप्यूटर हार्ड डिस्क, उत्सर्जन सत्यापन संबंधी दस्तावेज और जर्मन मुख्यालय के साथ किए गए ई-मेल संपर्क जब्त किए।
कंपनी ने गत वर्ष अमेरिका में स्वीकार किया था कि उसने अपनी कारों में उत्सर्जन जांच को धोखा देने वाले सॉफ्टवेयर लगाए हैं। इसके बाद दुनियाभर में उस पर कार्रवाइयों का तांता लग गया है।
दक्षिण कोरिया के पर्यावरण मंत्रालय ने गत महीने ऑडी-फोक्सवैगन कोरिया और उसके दो वरिष्ठ अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमा दाखिल किया था। यह मुकदमा उन पर खराब कारों को ठीक करने का आदेश स्वीकार करने के बाद भी कारों को ठीक करने की योजना के बारे में समुचित जानकारी जमा नहीं करने के कारण दाखिल किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण कानून का उल्लंघन किया है, उत्सर्जन सीमा का पालन करने वाली कारें बेचने में असफल रही है और सत्यापन प्रक्रिया का पालन करने में भी असफल रही है।
इस मुकदमे में दोषी पाए जाने पर सात साल तक का कारावास और 10 करोड़ वॉन (करीब 80 हजार डॉलर) तक जुर्माना का प्रावधान है।
dharmpath.com dharmpath