छत्तीसगढ़ के पीडीएस को देखने आए हरियाणा के खाद्य मंत्री

रायपुर, 19 फरवरी (आईएएनएस)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के छत्तीसगढ़ मॉडल की तारीफ सुनकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपनी सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव काम्बोज के साथ ग्यारह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को यहां भेजा है।

काम्बोज के नेतृत्व में अध्ययन दौरे पर आए प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के दो विधायक भगवान दास कबीरपंथी और सुभाष सुधा, हरियाणा कृषि महासंघ (हैफेड) के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग संजय जून और मुख्यमंत्री हरियाणा के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी विजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

काम्बोज के प्रदेश आगमन पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के संचालक ए.एन. एक्का ने विमानतल पर उनका आत्मीय स्वागत किया। काम्बोज ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ नया रायपुर स्थित सत्य साई अस्पताल एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित नया रायपुर क्षेत्र का भी दौरा किया।

हरियाणा के खाद्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पूरे देश में तारीफ होती है। हरियाणा में भी लोग छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा पीडीएस में किए गए सराहनीय परिवर्तनों से काफी प्रभावित हैं।

काम्बोज शुक्रवार को यहां नया रायपुर स्थित मंत्रालय में छत्तीसगढ़ के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री पुन्नूलाल मोहले और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात की और बैठक में शामिल हुए, जहां उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की खूबियों के बारे में बताया गया। उनके समक्ष एक प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। बैठक के बाद हरियाणा के खाद्य मंत्री कुछ राशन दुकानों को भी देखने गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493