बिहार में जन अधिकार पार्टी के बंद का मिलाजुला असर (लीड-1)

पटना, 20 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति तथा करों (टैक्स) में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन के तहत शनिवार को जन अधिकार पार्टी की ओर से आहूत एकदिवसीय बिहार बंद का मिलाजुला असर देखा गया।

मधेपुरा से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पार्टी की ओर से आहूत बंद के समर्थन में निकले प्रदर्शनकारियों ने राज्य के कई शहरों व इलाकों में जगह-जगह सड़क जाम कर दिया तथा सड़क पर आगजनी की। कई रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को रोकने की भी कोशिश की गई।

पुलिस के अनुसार, बंद समर्थकों ने शनिवार सुबह से ही सड़कों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। राजधानी पटना के विभिन्न मार्गो को बंद समर्थकों ने जाम कर दिया और दुकानें भी बंद करवाई गईं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राजेंद्र नगर टर्मिनल पर भी कई ट्रेनों को रोक दिया। हालांकि बाद में रेलवे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रेल पटरी से हटा दिया।

सांसद पप्पू यादव ने पटना विश्वविद्यालय परिसर से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला। इसमें छात्र परिषद और युवा परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। जुलूस के दौरान सांसद ने व्यवसायियों और आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। वे गांधी मैदान होते डाक बंगला चौराहे पर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

डाक बंगला चौराहे पर सांसद ने पत्रकारों से कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। सत्ता संरक्षित अपराध बढ़ रहा है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे अपराधी निरंकुश होते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की निरंकुशता और मनमनी के खिलाफ पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। सांसद ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और अराजकता फैलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी।

बंद को लेकर सड़क पर उतरे जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा ने पूरे राज्य में बंद के आह्वान को सफल बताते हुए कहा कि राज्य में प्रतिदिन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं और लूट तथा हत्या की घटनाएं बढ़ गई हैं, लेकिन सरकार मौन है।

बंद के कारण वाहनों के परिचालन पर भी असर देखा गया।

राज्य के मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, औरंगाबाद, पूर्णिया, बाढ़, आरा, मधेपुरा में बंद समर्थक सड़कों पर उतरे। उन्होंने हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु जाम करने की कोशिश भी की। वे नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक राजबल्लभ प्रसाद यादव की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।

भागलुपर में बंद समर्थकों ने गांधीगिरी के सहारे लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की। यहां बंद को लेकर सड़कों पर उतरे लोगों ने व्यवसायियों और सड़क पर वाहन चला रहे लोगों को गुलाब का फूल सौंपा।

बंद को लेकर पटना में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

इधर, सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पप्पू यादव का बंद आश्चर्यजनक है। उन्होंने उनकी पृष्ठभूमि याद दिलाते हुए कहा कि कई मामलों में वह स्वयं जेल गए हैं, ऐसे में कथित अपराध के खिलाफ बंद की बात करना उन्हें शोभा नहीं देता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493