नेपाल में लापता विमान दुर्घटनाग्रस्त, 23 मरे (लीड-1)

काठमांडू, 24 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल में बुधवार को लापता हुआ विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में मारे गए 23 लोगों में दो शिशु भी हैं।

नेपाल के नागरिक उड्डयन मंत्री आनंद प्रसाद पोखरेल ने विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी।

पोखरा हवाईअड्डे के उप निदेशक योगेंद्र कुमार ने आईएएनएस को बताया कि तारा एयर वाइकिंग 9एन-एएचएच ट्विन ओट्टर के विमान ने सुबह 7.47 बजे उड़ान भरी थी। यह मुस्तांग जिले के जॉमसन शहर जा रहा था।

नागरिक उड्डयन मंत्री पोखरेल ने मयागदी जिले के सोली गोपतेभीर के जंगल में दुर्घटनास्थल पर मौजूद नेपाल सेना के अधिकारियों के हवाले से कहा कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें सवार सभी यात्री मारे गए।

सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तारा बहादुर कार्की ने भी पुष्टि की कि दुर्घटना में विमान में सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि नेपाल सेना का दल दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुका है और उसने विमान के डैने पर पिछला हिस्सा पाया है।

उन्होंने नेपाली सेना के अधिकारियों के हवाले से बताया कि मयागदी जिले में जिस स्थान पर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही थी, वहां वास्तव में विमान दुर्घटना हुई।

उड्डयन मंत्री ने कहा, “विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई।”

विमान का मलबा चार घंटों के बचाव व तलाशी अभियान के बाद पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि विमान का मलबा पूरे इलाके में फैल गया और विमान अभी भी जल रहा था।

एक स्थानीय निवासी ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर बेहद ठंड पड़ रही है और वहां बारिश होने की संभावना है।

दुर्घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वालों में एक पुलिस आरक्षी फूल कुमार थापा मागर ने कहा कि विमान बेहद दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ और इसके मलबे 200 मीटर दायरे में फैल गए।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, पोखरा हवाईअड्डे पर मुख्य वायु यातायात नियंत्रक जसोदा सुबेदी ने कहा कि पोखरा एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अंतिम बातचीत में विमान के चालक रोशन मनंधर ने बताया था कि विमान सामान्य है।

विमान के वरिष्ठ कैप्टन रोशन मनंधर के आखिरी शब्द थे, ‘फिर मिलेंगे, दिन शुभ हो।

‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, काठमांडू से करीब 200 किलोमीटर दूर पोखरा से मुस्तांग जिले में जॉमसन शहर के लिए उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद ही विमान संभवत: उत्तरी नेपाल में मयागदी जिले के रुपसे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

नेपाल में बीते पांच वर्षो में विमान दुर्घटनाओं में 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। आखिरी बार विमान दुर्घटना 16 फरवरी, 2014 को हुआ था। नेपाल एयरलाइंस ट्वीन ओटर की इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गई थी।

उत्तरी नेपाल के निकट जॉमसन में अधिक ऊंचाई वाले दुर्गम इलाके में 14 मई, 2012 को अग्नि एयर विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार कम से कम 15 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493