मोदी हताश और तनावग्रस्त दिख रहे हैं : माकपा

नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचे जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिकायत पर मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा है कि ‘मोदी हताश और तनावग्रस्त होने का संकेत दे रहे हैं।”

माकपा के मुखपत्र पीपुल्स डेमोक्रेसी के संपादकीय में ओडिशा में दिए गए मोदी के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा गया, “मोदी ने चौंकाने वाला भाषण दिया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कई ताकतें उनकी सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रही हैं।”

संपादकीय में कहा गया है, “अगर अतीत की घटनाओं से इस बात को जोड़ें, तो प्रधानमंत्री के इस रवैये में नया कुछ भी नहीं है। मोदी से पहले भी जब कई प्रधानमंत्री नहीं सुलझने वाली समस्याओं से घिर गए तो उन्होंने लोगों से कहा था कि विदेशी और आंतरिक ताकतें उनकी सरकारों को अस्थिर करने पर तुली हैं।”

माकपा के मुखपत्र में कहा गया है, “मोदी के मामले में यह स्पष्ट नहीं है कि साजिश के पीछे कौन विदेशी ताकत है। यह अमेरिका तो नहीं हो सकता जिसने उन्हें एक इच्छुक और आतुर सहयोगी के रूप में पहचाना है। यह विपक्ष भी नहीं हो सकता। अगर विपक्ष एकजुट होकर भी मोदी सरकार को हटाने का प्रयास करे तो भी उसके बहुमत को देखते हुए कोई खतरा नहीं है। जहां तक स्वयंसेवी संगठनों का सवाल है तो उनसे खतरा मानना हास्यास्पद ही कहलाएगा। ”

संपादकीय में कहा गया, “असल में प्रधानमंत्री को उनकी सरकार अस्थिर करने की साजिश नहीं सता रही है, बल्कि वह सभी मोर्चो पर अपनी सरकार की विफलता से परेशान हैं। इस स्थिति में सत्ताधारी पार्टी ने असहमति की आवाज को कुंद करने और विश्वविद्यालयों में हिन्दुत्व को बलपूर्वक लागू करने की शुरुआत कर दी है।”

संपादकीय में कहा गया है, “विश्वविद्यालयों के परिसरों में राष्ट्रविरोधी तत्वों की घुसपैठ की बात सरकार को अस्थिर करने की साजिश वाले मोदी राग का ही प्रतिबिम्ब है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493