टोक्यो, 26 फरवरी (आईएएनएस)। जापान जीका विषाणु के प्रकोप से निपटने के लिए लैटिन अमेरिका को 10 लाख डॉलर की आपातकालीन सहायता प्रदान करेगा।
जापान के राष्ट्रीय प्रसारक एनएचके की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह सहायता विश्व स्वास्थ्य संगठन और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष सहित चार अंतर्राष्ट्रीय निकायों के माध्यम से प्रदान करेगी।
सहायता राशि का इस्तेमाल ब्राजील व होंडुरास जैसे प्रभावित देशों में किया जाएगा। इस राशि का इस्तेमाल संक्रमण को फैलने से रोकने, लोगों में इलाज की जागरूकता फैलाने व मच्छरों की जांच के लिए किया जाएगा।
विदेश मंत्री फुमियो किशीदा ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण से निपटने में सहायता से जीका के मामलों को जापान तक पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की कि टोक्यो के निकट एक किशोर को जीका से संक्रमित पाया गया है। किशोर ने ब्राजील में कुछ समय बिताया था।
dharmpath.com dharmpath