नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। प्रोस्पोर्टिफाई वेंचर प्राइवेट लिमिटेड ने बुधवार को देश के पहले मल्टीसिटी अल्ट्रा मैराथन के आयोजन की घोषणा की। छह राज्यों से गुजरने वाली इस मैराथन की शुरुआत दिल्ली में होगी और समापन मुंबई में होगा।
दिल्ली में इंडिया गेट से तीन जुलाई को शुरू होने वाली इस मैराथन का समापन 18 जुलाई को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर होगा।
इस मैराथन में 12 इलीट एथलीट हिस्सा लेंगे। इसे ‘द ग्रेट इंडिया रन’ नाम दिया गया है।
दिल्ली से मुंबई के बीच 1480 किलोमीटर की दूरी को नापने के लिए जिन 12 एथलीटों का चयन किया गया है, उनके नाम हैं : अरुण भारद्वाज, मथायस जोर्गेनसेन, सिद्धार्थ चौधरी, डेविड स्लॉट गार्ड ब्रैडो, यूरी एस्पेर्सन, लीजा स्टोडडार्ट, मीनल सुखीजा, सतीश गुजारन, रंजना केओपा, नरेश भारद्वाज, दिनेश हैडा और जोगिदर चंदना।
ग्रेट इंडिया रन को मोबाइल फिटनेस स्टार्टअप कंपनी मोबिफिट का भी सहयोग मिल रहा है। मोबिफि ट की मदद से एथलीट ‘वर्चुअल टीजी आईआर चैलेंज’ के माध्यम से खुद को इस कठिन रेस के लिए तैयार कर सकेंगे।
अल्ट्रा मैराथन ने गो स्पोर्ट फाउंडेशन के साथ भी हाथ मिलाया है, जो इस माध्यम से फंड जुटाकर भावी ओलंपिक एथलीटों की मदद कर सकेगा।
द ग्रेट इंडिया रन मे आम लोग भी हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए आयोजकों ने 3 जुलाई को दिल्ली, गुड़गांव, गाजियाबाद में 5 तथा 21 किलोमीटर की रेस आयोजित करने का फैसला लिया है।
आम लोगों के लिए होने वाली अल्ट्रा मैराथन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 3 मार्च को शुरू हो रही है। इसके लिए ‘द ग्रेट इंडिया रन डॉट कॉम’ तथा मोबीफिट मोबाइल एप के जरिए पंजीकरण कराया जा सकता है।
पांच किलोमीटर की दौड़ के लिए पंजीकरण की फीस 350 रुपये और 21 किलोमीटर की दौड़ में पंजीकरण करवाने के लिए 600 रुपये का भुगतान करना होगा।
dharmpath.com dharmpath