नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। रियलिटी शो के साथ टीवी की दुनिया में कदम रखने वाले कलाकार फैजल खान ने पढ़ाई के लिए काम को रोक दिया है। उनका कहना है कि शोबिज में फिर से लौटने के लिए वह सही मौके का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले साल डांस रिएलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ जीतने वाले 18 वर्षीय फैजल ने मुंबई से फोन के माध्यम से आईएएनएस को बताया, “फिलहाल मैं अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रहा हूं और काम को लेकर अभी बातें चल रही हैं। समस्या यह है कि अभी मेरी उम्र ऐसी है जिसमें मैं न तो बच्चे का किरदार निभा सकता हूं और न ही एक वयस्क का। इसलिए मैं सही प्रस्ताव का इंतजार कर रहा हूं।”
फैजल ने जोर देकर कहा कि वह काम करने के लिए उत्सुक हैं फिर उन्हें चाहे टीवी पर रियलिटी कार्यक्रम में मौका मिले या काल्पनिक शो में।
फैजल ने कलर्स चैनल के शो ‘खतरों के खिलाड़ी – कभी कीड़ा कभी पीड़ा’ में भी भाग लिया था। लेकिन पिछले सप्ताह वह इससे बाहर हो गए।
dharmpath.com dharmpath